नोटबंदी के फैसले के बाद से विरोधी दल भाजपा को अपने निशाने पर लिए हुए हैं। यूपी चुनाव के लिए प्रचार में जहां एक तरफ भाजपा नोटबंदी को देश हित में बता रही है वहीं विरोधी दल इसे अमीरों के लिए लिया गया फैसला बता रहें हैं।
सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा की नोटबंदी ने देश और प्रदेश को आयकर के निरंकुश इंस्पेक्टर राज की सौगात दी है।
इससे व्यापारी वर्ग तो परेशान है ही, किसान, मजदूर और बुनकरों की कमर टूट गई है। इस चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। इंग्लिशिया लाइन स्थित कांग्रेस-सपा के साझा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका ने कहा कि नोटबंदी के तीनों घोषित लक्ष्य कालाधन वापसी, आतंकवाद नियंत्रण और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के वादे पर पीएम पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
इससे जनता को जलालत झेलनी पड़ी है। उद्योग, कृषि, व्यापार के क्षेत्र में जबरदस्त मंदी छा गई है। रोजगार के अवसर न के बराबर रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया और स्मार्ट सिटी जैसी घोषणाओं का क्रियान्वयन अब तक बनारस में ही कहीं नजर नहीं आ सका है तो देश में दूसरी जगहों पर इसका क्या स्वरूप होगा, अनुमान लगाया जा सकता है।
काशी का विकास क्योटो मॉडल पर करने की पीएम की घोषणा भी एक जुमला बन कर रह गई है।
उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण का मुद्दा कांग्रेस-सपा की 10 सूत्रीय प्राथमिकता के एजेंडे का प्रमुख हिस्सा है। इसमें पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात शामिल है। इससे पहले भी महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण कांग्रेस ने ही दिया था।