कांग्रेस ने मनाया शहादत दिवस समारोह
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी की तानाशाही से देश बर्बाद हो रहा है। देश की गरीब जनता, किसानों, व्यापारियों और युवाओं के हित से सरकार का कोई लेना-देना नहीं है।
सब्जियों के दाम आसमान में पहुंचने से आम आदमी परेशान है। किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। वह गुरुवार को चोलापुर बाजार में शहीद स्मारक पर आयोजित शहादत दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
17 अगस्त 1942 को नागपंचमी के दिन चोलापुर थाने पर तिरंगा लहराने पर अंग्रेजी हुकूमत की गोलियों से पांच क्रांतिकारी रामनरेश, पंचम, श्रीराम, चौथी और निरहू शहीद हो गए थे। शहादत दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर कांग्रेसजनों ने वीर शहीदों को याद किया।
इस मौके पर शहीदों के परिवारीजन राजेंद्र उपाध्याय, राम सजीवन दीक्षित, कांताराम, बजरंग कुमार सिंह और सत्य नारायण गिरी को वस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में हुए हादसे को दुखद बताते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव सतीश चौबे, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र, पूर्व विधायक अजय राय भी मौजूद थे।