बनारस पहुंचे कांग्रेस के नेता आनंद शर्मा ने कहा कि राफेल डील शताब्दी का सबसे बड़ा घोटाला है। यूपीए सरकार में तय हुई विमान की कीमत 526 करोड़ रुपये से बढ़कर 1670 करोड़ रुपये हो गई। बावजूद इसके प्रधानमंत्री सदन में इस पर जवाब देने से बच रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह भाजपा पर आरोप नहीं लगा रहे हैं बल्कि हकीकत बता रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है। हमारी सरकारी आई तो राफेल डील और नोटबंदी की राष्ट्रीय आयोग बनाकर जांच कराई जाएगी।
राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष आनंद शर्मा बुधवार को प्रेसवार्ता में राफेल डील पर शहर के मिंट हाउस स्थित होटल में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में राफेल डील फाइनल की गई थी। एक विमान की कीमत 526 करोड़ रुपये थी जो पीएम नरेन्द्र मोदी सरकार में बढ़कर 1670 करोड़ रुपये हो गई।
आनंद शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि फ्रांस सरकार ने यह रिपोर्ट दी है कि भारत के अतिरिक्त मिस्त्र व कतर को भी यह विमान बेचे गये हैं। मिस्त्र व कतर को 1330 करोड़ में प्रति विमान बेचे गये हैं जबकि भारत को यही विमान 1670 करोड़ रुपये में मिले हैं।