इस बार के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन पहली बार चुनाव मैदान में है। आजमगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गठबंधन के प्रत्याशी बनाए गए हैं। कहा जा रहा है कि वह पूर्वांचल में गठबंधन के प्रत्याशियों को मजबूती देंगे।
वहीं भाजपा-अपना दल (एस) गठबंधन की ओर से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (वाराणसी), रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा (गाजीपुर), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल (मिर्जापुर) और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय (चंदौली) प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। भाजपा के पास पांच साल के विकास कार्यों का लेखाजोखा भी है।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने पूर्वांचल में अभी तक कोई कद्दावर प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। कांग्रेस ने मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज से ही प्रत्याशी घोषित किया है। घोसी, जहां से 1989 और 1991 में भी कांग्रेस के कल्पनाथ राय जीते थे, वहां भी प्रत्याशी तय नहीं है।
गाजीपुर और चंदौली में वह बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी के भरोसे है। वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर प्रियंका गांधी के नाम की अटकलें तो लग रही हैं लेकिन इस बारे में पार्टी स्पष्ट संकेत नहीं दे रही है। वैसे वाराणसी से कांग्रेस के टिकट के लिए केवल दो ही आवेदन किए गए हैं।