दक्षिणी से पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और कैंट से अनिल के नाम तय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र की चार विधानसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों के एलान के बाद कांग्रेस ने भी अपनी सूची को अंतिम रूप दे दिया है। शहर दक्षिणी, उत्तरी और कैंट से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा भर बाकी रह गई है।
शहर दक्षिणी से सात बार के विधायक रहे श्याम देव राय चौधरी और चार बार से कैंट की विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव को भाजपा की ओर से रिटायर किए जाने को कांग्रेस अपने लिए शुभ मान रही है।
पार्टी इन सीटों पर चौंकाने वाले उम्मीदवार सामने ला सकती है। इसके लिए दिल्ली में मंगलवार को कई दौर में मंत्रणा हुई। बुधवार तक प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।
भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस शहर दक्षिणी सीट से पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र को चुनाव मैदान में उतारने का मन बना चुकी है। डॉ. मिश्र पहले एमएलसी रह चुके हैं और पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
कैंट सीट पर तीन चुनाव लड़ चुके अनिल श्रीवास्तव पर एक बार फिर दांव लगाने के संकेत हैं।
पिछले चुनाव में वह दूसरे स्थान पर रहे थे। कुछ समय पहले तक कांग्रेस इस सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र विभाकर शास्त्री को उम्मीदवार बनाने की तैयारी कर रही थी।
इसी तरह उत्तरी सीट से पूर्व विधायक राबिया कलाम को फिर से टिकट दिया जा रहा है।
राबिया कलाम के पति अब्दुल कलाम इस सीट से तीन बार विधायक रहे थे। 2012 के चुनाव में राबिया चौथे नंबर पर थीं। पिंडरा से कांग्रेस अजय राय के नाम पर पहले ही मुहर लगा चुकी है।