पीओके पर विवादित बयान देकर चौतरफा हमला झेल रहे जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम व नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ वाराणसी कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया है। अब्दुल्ला के बयान को समर्थन देने के मामले में अभिनेता ऋषि कपूर के खिलाफ भी परिवाद दाखिल हुआ है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर मानवाधिकार जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता चंद्रशेखर सिंह ने परिवाद दाखिल किया है। अदालत ने मामले की सुनवाई की तिथि 21 नवंबर निर्धारित की है।
चंद्रशेखर सिंह के अधिवक्ता गिरिजेश कपूर ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि फारूक अब्दुल्ला ने पाक अधिकृत कश्मीर को भारत नहीं पाकिस्तान का हिस्सा बताया है। साथ ही, बयान दिया है कि कश्मीर के बारे में भारत सोचना बंद कर दे। उनके इस बयान से देश के करोड़ों लोग खासे दुखी हैं।
वहीं, अभिनेता ऋषि कपूर ने फारूक अब्दुल्ला के बयान का समर्थन ट्वीट कर किया है। चंद्रशेखर सिंह ने अदालत से गुहार लगाई कि परिवाद को स्वीकार मुकदमा चलाया जाए। देश की एकता और अखंडता के खिलाफ बयानबाजी करने वाले दंडित किए जाएं।