लक्ष्मण यादव को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड
ट्वेंटी-20 मैच : रोमांचक मुकाबले में परिचालन की टीम भी जीती
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। अंतरमंडलीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को काफी रोमांचक मुकाबले में पहली पाली में वाणिज्य और दूसरी पाली में परिचालन की टीम जीतीं। लहरतारा स्टेडियम में पहली पाली में इंजीनियरिंग और वाणिज्य विभाग के बीच मैच खेला गया।
इंजीनियरिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 141 रन बनाए। इंजीनियरिंग के ऋषभ ने 27 रन और सुंदर ने 36 रन बनाए। वाणिज्य की तरफ से संतोष, अंकुर और लक्ष्मण ने दो-दो विकेट चटकाए। 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाणिज्य विभाग की टीम ने 19.5 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 141 रन बना कर मैच जीत लिया। वाणिज्य की तरफ से कपिल ने 41 रन, अमित राज ने 22 रन और लक्ष्मण यादव ने 28 रन बनाए। महत्वपूर्ण 28 रन बनाने और दो विकेट लेने वाले वाणिज्य के लक्ष्मण यादव को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार सीनियर डीसीएम शेख रहमान ने दिया।
दूसरा मैच परिचालन और रेलवे सुरक्षा बल के बीच हुआ। रेलवे सुरक्षा बल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। रेलवे सुरक्षा बल की तरफ से शेषनाथ ने शानदार 81 रन बनाए। गिरजेश विश्वकर्मा ने 38 और रामप्रवेश यादव ने 17 रनों का योगदान दिया। परिचालन की तरफ से गौरव, आशीष, विमलेश, और मनीष को एक-एक विकेट मिले। 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी परिचालन की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 7 विकेट के नुकसान पर अंतिम ओवर की अंतिम गेंद पर 204 रन बनाकर तीन विकेट से जीत हासिल की। परिचालन विभाग के रामप्रवेश यादव ने 68 रन, आशीष सिंह ने 39 रन और मनीष कुमार ने 38 रन बनाए। रामप्रवेश यादव को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निशांत राय ने दिया। बृहस्पतिवार को परिचालन और यांत्रिक विभाग के बीच मैच होगा।