तेजस्वनी स्ट्रांग महिला क्लब के पदग्रहण समारोह में रविवार की शाम हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव ने अपनी शानदार प्रस्तुति से श्रोताओं को खूब हंसाया। उन्होंने फिल्म अभिनेताओं से लेकर राजनेताओं की मिमिक्री के साथ फिल्मों गीतों को हास्य अंदाज में पेश किया। जिसे सुनकर दर्शक ठहाके लगाते दिखे।
कामेडियन राजू श्रीवास्तव ने अपने हास्य व्यंग्य के जरिये काशी के बनारसी खानपान और बनारसीपन व बनारसी लोगों की खासियत बताई। कार्यक्रम में उन्होंने एयरलाइन्स की यात्रा व एयर होस्टेस के बात करने के तरीकों का अनुभव साझा किया। फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन से लेकर प्रधानमंत्री मोदी, लालू प्रसाद यादव, मुलायाम-अखिलेश संग प्रियंका आदि की मिमिक्री कर दर्शकों को गुदगुदाया। कार्यक्रम में तेजस्विनी स्ट्रांग महिला क्लब के पदाधिकारियों ने शपथ ली। इसमें चेयरपर्सन मीना त्रिवेदी, पूजा मधोक, पूजा दीक्षित, निदेशक अनुपमा राय, अध्यक्ष रश्मि राय, सचिव अल्बीना सरदार, कोषाध्यक्ष संगीता अग्रवाल, मीडिया प्रभारी पुष्पांजलि शर्मा, पीआरओ मीना उपाध्याय को शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि मंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि एक महिला अगर सशक्त होगी तो परिवार के साथ साथ पूरा समाज सशक्त होता है। महिलाएं अगर मानसिक रूप सशक्त होंगी तो वो स्वावलंबन की ओर कदम बढ़ा सकती है। विशिष्ट अतिथि रेसलर गीता फोगाट ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में प्रेरित किया। इस अवसर पर पुष्पांजलि शर्मा, प्रिया अग्रवाल, नीतू सिंह, नीता सहगल, अंकिता खत्री आदि मौजूद रहे।
कोरोना प्रोटोकॉल की उड़ाई धज्जियां
कार्यक्रम में कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर कोई भी संजीदा नहीं दिखा। ज्यादातर लोग बिना मास्क के ही दिखाई दिए। आलम यह रहा कि लोग पूरी तरह से लापरवाह रहे।