पीएम आगमन के मद्देनजर नगर निगम का पशु सचल दस्ता सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार को दस्ते में शामिल नगर निगम के कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न जगहों से दर्जनों पशुओं व बंदरों को पकड़ा। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जहां भी बंदरों व पशुओं के होने की जानकारी मिलती है उन्हें अभियान के तहत पकड़वाया जाता है।
चला अतिक्रमण हटाने का काम
नगर निगम के अतिक्रमण निरीक्षक संजय श्रीवास्तव की अगुवाई में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से लहुराबीर, पिपलानी कटरा, लोहटिया, मैदागिन, मच्छोदरी पार्क, राजघाट, जीटी रोड, गोल गड्डा तिराहा, विशेश्वरगंज, मैदागिन, लोहटिया से कबीरचौरा तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कुछ ठेलों को जब्त भी किया गया।
वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर धाम का चल रहा निर्माण कार्य ।
- फोटो : अमर उजाला
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के लिए शहर सजने लगा है। नगर निगम ने सभी पाथवे को बनाने का काम शुरू कर दिया है। खासकर उन पाथवे के निर्माण पर ज्यादा फोकस है जो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग को जोड़ता है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से लेकर मंदिर तक के सभी पाथवे चकाचक किए जाएंगे।
नगर निगम ने युद्ध स्तर पर काम तेज कर दिया है। उधर, डिवाइडरों की रंगाई-पुताई व धुलाई का काम भी जोरशोर से जारी है। स्ट्रीट लाइटों को बदलने, पोल पर एलईडी झालरों को लगाने का काम चल रहा है। शहर में धूल को कम करने के लिए जहां भी टूट-फूट है, उसे दुरुस्त किया जा रहा है।
नगर निगम का सफाई पर फोकस
सभी चौदह सफाई वार्डों में सैनिटाजेशन, फॉगिंग के साथ ही साफ-सफाई का काम तेज हो गया है। गंगा घाट से लेकर हर मार्ग व गली को चमकाने का अभियान जारी है। वहीं, 189 नालों की सफाई भी कराई गई है। बृहस्पतिवार को 1100 गली-पिट की सफाई व एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। नगर आयुक्त प्रणय सिंह लगातार विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण: बरेका के गेस्ट हाउस में ठहरेंगे पीएम मोदी, पूरे परिसर की हो रही आकर्षक सजावट