अगले साल इलाहाबाद में होने वाले महाकुंभ से पहले महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आगामी एक व दो दिसंबर को पर्यावरण कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस वैचारिक कुंभ का आयोजन एक और दो दिसंबर को होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाईक, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, सुरेश प्रभु, डॉ. महेश शर्मा, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी शिरकत करेंगे।
मंगलवार को काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस कुंभ में पर्यावरणीय संकट पर चर्चा व उसका समाधान ढूंढने के लिए पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे विशिष्टजनों को भी आमंत्रित किया गया है। इसमें पर्यावरणविद डॉ. वंदना शिवा, सुरेश जी सोनी, डॉ. मिशेल डॉनिनो, केसी अग्रवाल, डॉ. शेखर मांडे, डॉ. एलएस राठौर, डॉ. विजय भटकर भी इस कुंभ का हिस्सा बनेंगे।
‘पर्यावरण व भारतीय जीवन शैली’, ‘उपभोक्तावाद व पर्यावरण की चुनौतियां’, ‘कृषि व पर्यावरण’ और ‘जल व ऊर्जा’ जैसे विषयाें के अलग अलग सत्र चलेंगे। पर्यावरण कुंभ के तहत तीन दिवसीय वृहद प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सीएसआईआर के रिसर्च लैब व रिसर्च इंस्टीट्यूट भी इस प्रदर्शनी में हिस्सा ले रहे हैं।
कुलपति ने बताया कि पर्यावरण कुंभ की वेबसाइट तैयार की गई है। जो भी कुंभ का हिस्सा बनना चाहता हैं वो इस वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकता है। इस पर लोग अपने विचार भी साझा कर सकते हैं।