मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में काशी विकास के नए आयाम बना रहा है। काशी देश-दुनिया के लिए एक मानक निर्धारित कर रहा है। काशी में कार्य करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ शहर के सड़कों एवं गलियों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्यक्रम कराने को कहा। काशी को प्लास्टिक फ्री बनाने पर जोर दिया।
बिजली विभाग एकमुश्त समाधान योजना का करें प्रचार प्रसार
बिजली की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने निर्बाध आपूर्ति पर जोर दिया। गड़बड़ी को तत्काल दूर कराने को कहा। विभाग के 13 हजार करोड़ बकाए पर एकमुश्त समाधान योजना का प्रचार प्रसार करने को कहा। बकाया धनराशि जमा कराने का निर्देश दिया।
कोविड-19 टेस्टिंग बढ़ाने का निर्देश सीएमओ को दिया। कोविड हेल्प डेस्क हर जगह स्थापित कराएं। स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से अलर्ट मोड में रहे। उन्होंने कमिश्नर को सारनाथ में चल रहे लाइट एंड साउंड शो को और आकर्षक बनाने को कहा।
माफियाओं के खिलाफ तेज करें कार्रवाई
कानून व्यवस्था की बैठक में मुख्यमंत्री ने माफियाओं के विरुद्ध चल रहे कार्रवाई को और तेज करने को कहा। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, थानों पर सफाई, कबाड़ वाहनों को निस्तारित करने का निर्देश दिया। थाना और तहसील दिवस को और प्रभावी बनाने को कहा। राजस्व एवं पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह से पारदर्शी हो। आइजीआरएस पोर्टल से प्राप्त शिकायती पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा। तहसील एवं थानों के कार्रवाई पर नजर रखी जा रही है, अगली बैठक में तहसीलों एवं थानों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर मृदुला जायसवाल, एमएलसी अशोक धवन, शतरूद्र प्रकाश, विधायकों में सौरभ श्रीवास्तव, डॉक्टर नीलकंठ तिवारी, डॉ अवधेश सिंह, टी राम, सुनील पटेल, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा।