शिक्षा सिर्फ डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, मनुष्य को मनुष्य बनाने का सशक्त माध्यम है। इस माध्यम को सफल बनाने की जिम्मेदारी शिक्षकों पर है, वे यदि परिश्रम करें अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तो सफलता निश्चित मिलेगा। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश में सभी शिक्षकों ने मेहनत किया और ऑपरेशन कायाकल्प को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। हर घर से सभी बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने का काम किया। ये बातें शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को काशी पहुंचे। शनिवार की सुबह शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे। यहां से पूरे प्रदेश में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने जिले के पांच निपुण विद्यालय, पांच निपुण बच्चे व पांच नव प्रवेशी बच्चों को सम्मानित किया। परिसर में शिक्षा से जुड़े 12 स्टॉल लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री इन स्टॉलों का अवलोकन भी किए। शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में अतिथियों का स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों का भाषण व सम्मान कार्यक्रम से किया गया।
बेसिक शिक्षा मंत्री समेत कई अधिकारियों ने लिया हिस्सा
कंपोजिट विद्यालय, शिवपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह भी मौजूद रहे। इनके साथ बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, डीजी मोनिका रानी, संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।