महाराष्ट्र और यूपी के सांस्कृतिक समन्वय के तहत सरोजा पैलेस में आयोजित गीत रामायण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, भगवान राम ने दोनों राज्यों के बीच संबंध स्थापित किया। अयोध्या से बनवास पर निकले भगवान राम का ज्यादातर समय नासिक के पंचवटी में बीता था।
गोस्वामी तुलसीदास की तरह ही महाराष्ट्र के प्रसिद्ध साहित्यकार जीडी माडगुलकर और गायक सुधीर फड़के गीत रामायण के रचयिता हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों को एमओयू के जरिए एक दूसरे की संस्कृति साझा करने को कहा है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि पांच साल बनारस आया हूं। यहां का बदलाव चकित करने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों की काशी की पवित्रता और भव्यता बरकरार है। प्रदेश सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा, कुछ समय बाद लोग काशी के बदलाव को देखने आएंगे।
इससे पहले राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि अघोषित तौर मैं ही इस कार्यक्रम का आयोजक हूं। इसलिए प्रोटोकाल तोड़ रहा हूं। उन्होंने कहा, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस और इसकी शुरूआत मैंने कराई। उन्होंने भगवान राम के महाराष्ट्र प्रवास और उत्तर प्रदेश के संबंधों पर बात की।