प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय पूर्वांचल दौरे पर वाराणसी आएंगे। इस दौरान सीएम विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और कई बैठकें भी करेंगे। सीएम का गुरुवार को ही बीएचयू जाने का भी कार्यक्रम है। सीएम योगी दोपहर में पहले मऊ आएंगे फिर शाम को वाराणसी पहुंचेंगे।
सीएम योगी, बीएचयू कैंपस में निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे और कुछ दिशा निर्देश भी दे सकते हैं। सीएम योगी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। वहीं, सीएम अगले दिन यानि शुक्रवार को करीब सुबह नौ बजे पुलिस लाइन हेलीपैड से जौनपुर के लिए रवाना होंगे।
जौनपुर में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उनकी सभा होगी। यहां विभिन्न विभागों के लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाणपत्र भी वितरित किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री 257 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह करीब दस बजे आएंगे और सवा 12 बजे तक जिले में रहेंगे। सवा दो घंटे जिले में रहकर वह विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। अभी तक के प्रस्तावित कार्यक्रमों में मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण शामिल है।