खराब मौसम के कारण शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा रद हो गया। वे शनिवार की सुबह वाराणसी पहुंचेंगे और पूरे दिन शहर में रहेंगे। इस दौरान वे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही स्मार्ट सिटी के तहत कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
सीएम के आगमन से पहले तैयारियों को पूरी करने में प्रशासन अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आने वाले थे। मगर, शुक्रवार सुबह से ही खराब मौसम और देर शाम बारिश के कारण अचानक मुख्यमंत्री का वाराणसी दौरा एक दिन के लिए टाल दिया गया।
नए कार्यक्रम के अनुसार शनिवार की सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी आएंगे और सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। सर्किट हाउस में बैठक के बाद वे पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद निर्माणाधीन कज्जाकपुरा रेलवे ओवरब्रिज, टाउन हाल और गौदौलिया में बन रहे मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवपुर में बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का भी निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव में दर्शन पूजन करने भी जा सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा।
सीएम के निशाने पर जल निगम और जलकल
करीब छह महीने पहले वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल निगम और जलकल को शहर के पेयजल में सुधार का निर्देश दिया था। इसके बाद लगातार सीएम की ओर से इन विभागों पर नाराजगी जताई जा रही है।
मगर, शहर में लीकेज, दूषित पेयजल आपूर्ति सहित अन्य समस्याएं जस की तस बनी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में इस विभाग के अधिकारी निशाने पर रहेंगे।