कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं, अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें। जनता के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंत्री बनने के बाद पहली बार काशी आने पर रविवार को हरहुआ के मुर्दहां में आयोजित सम्मान समारोह में कहीं।
मंत्री ने कहा कि नई सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता की जो भी समस्याएं हों, उसे बताएं। एक सप्ताह के भीतर उनका निदान कराया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों के लिए कई विकास योजनाओं की चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को रोजगार के लिए मिलने वाले लोन की सीमा 10,000 से बढ़ाकर एक लाख रुपये कराने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
समारोह को अजगरा के विधायक कैलाश नाथ सोनकर, भासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर, शशि प्रताप सिंह एवं रमेश राजभर ने भी संबोधित किया।