निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय प्रवास की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे का संदेश जनता के बीच जाना चाहिए। काशी में बदलाव दिखना चाहिए।
प्रधानमंत्री को बदलती काशी दिखे और जनता को विकास, यह सुनिश्चित कराया जाए। विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ जनता तक उनके हितों का संदेश पहुंचे। परियोजनाओं, योजनाओं का लाभ सीधा जनता तक पहुंचाएं।
जिन परियोजनाओं का शिलान्यास होना है, उनका काम तय समयसीमा में पूरा हो, यह भी सुनिश्चित कराना होगा। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित सभास्थल का निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों को शहर की साफ सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर अभियान चलाने का निर्देश दिया।
कहा, ये व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराई जाएं और पीएम के दौर के बाद भी इन पर निरंतर निगरानी की जाए। इससे जनता के बीच एक अच्छा संदेश जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे में रूट डायवर्जन आदि में वैकल्पिक मार्गों की तलाश कर उन्हें भी शुरू कराया जाए।
मंच से लेकर हेलीपैड तक निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने पीएम के कार्यक्रम के दौरान बारिश से निपटने के इंतजाम के लिए खास तौर से निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों से भी प्रधानमंत्री के दौरे से पहले जनता के बीच जाकर कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार को कहा।
काशी सहित पूरे पूर्वांचल में केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों की चर्चा होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के कामकाज के प्रचार-प्रसार का सबसे बेहतर तरीका लाभार्थियों के जरिए जनता के बीच अनुभव साझा कराने से होगा।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि लाभार्थियों को जनता के बीच सक्रिय करें और सरकार की योजनाओं का प्रचार कर अधिकाधिक लोगों को इनका लाभ दिलाने में भूमिका निभाएं।
पीएम के आगमन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को राजातालाब पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभास्थल के निरीक्षण के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ बैठक की। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए तैयारियों का ब्ल्यूप्रिंट देखा।
तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ताकीद की कि पीएम के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। किसी स्तर पर कोई खामी नहीं होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री 14 और 15 जुलाई को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर होंगे। यह उनका 13वां दौरा है। हेलीकाप्टर से राजातालाब के कचनार स्थित पीएम के कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से पंडाल तक बारीकी से तैयारियां देखीं।
फिर राजातालाब में ही खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सुव्यवस्थित तरीके से जल्द से जल्द सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। बैठक में डीएम सुरेंद्र सिंह के अलावा उन विभागों के भी अधिकारी शामिल थे, जिनकी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कराया जाना है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, विधि, न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी, एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी विजय सिंह मीणा, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह, नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी गौरांग राठी आदि मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन से पहले तैयारियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों को घर घर जाकर सरकार सरकार की योजनाएं बताएं। चार साल में केंद्र सरकार के काम काज और उससे लोगों के जीवनस्तर में आए सुधार भी बखान करें।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले क्षेत्र में सकरात्मक माहौल बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के काशी में हुए स्वागत का संदेश भी जाना चाहिए। राजातालाब में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद सर्किट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के रुप में नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा सौगातों से भरा होता है। जब वे यहां आते हैं तो जनता के लिए विकास की पोटली खोलते हैं। किसी सांसद के रुप में अब तक का यह सर्वाधिक काम है। इन बातों को जनता के बीच पहुंचाया जाना जरुरी है और आप लोग जनता से सीधे संवाद कर यह बातें पहुंचाएं।
छोटी छोटी बैठकों में केंद्र और राज्य सरकार के लाभार्थियों को बुलाया जाए और उनके माध्यम से आए बदलाव की जानकारी लोगो के बीच ले जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों के समन्वय कर जरुरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले बने सकरात्मक माहौल को बनाया रखा जाय।