वाराणसी के सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो शुरू होने से पूर्व ही काशीवासी गंगा में लेजर लाइट की भव्यता देख सकेंगे। देव दीपावली पर गंगा में लेजर शो का आयोजन हो रहा है, जिसमें गंगा की लहरों पर गंगा की गाथा सुनाई जाएगी।
पर्यटन विभाग इसकी तैयारी कर रहा है। पहली बार गंगा में लेजर शो का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से 23 नवंबर को राजघाट पर किया जाएगा। अस्सी घाट पर स्थाई और नियमित तौर पर लेजर शो की योजना बनाई गई है। योजना के मुताबिक अगले साल से बहुप्रतीक्षित लाइट एंड साउंड शो सारनाथ में शुरू किया जाएगा।
इसमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज में भगवान बुद्ध की जीवनगाथा तथागत की उपदेश स्थली पर जीवंत होगी। पर्यटन विभाग अमिताभ बच्चन के नाम पर अपनी मुहर लगा चुका है और उन्हें इसके लिए पत्र भी लिखा गया। प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले इसे हर सूरत में अंजाम दिया जाना है।