बाबा दरबार में दर्शन-पूजने के बाद मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार रात काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद मंदिर कॉरिडोर के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सुंदरीकरण के काम में काशी की पुरातन परंपरा और प्राचीनता को बरकरार रखने को कहा है। आने वाले शिवरात्रि तक बाबा विश्वनाथ की कृपा से मंदिर की व्यवस्था भव्य हो जाएगी।
सुंदरीकरण और मंदिरों के संरक्षण से यहां अलौकिक दृश्य होगा। कॉरिडोर के लिए खरीदे गए भवन और ध्वस्तीकरण वाले भवनों का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ध्वस्तीकरण का काम तेज कर मलबा जल्दी हटवाएं। प्रवासी भारतीय सम्मेलन, कुंभ और शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां श्रद्धालु़ आएंगे।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंदिर विस्तारीकरण के लिए निर्देश दिए हैं। इससे पहले पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वाहन रेड जोन होते हुए ज्ञानवापी तक पहुंचा। हालांकि मुख्यमंत्री छत्ता द्वार पर वाहन से उतर गए और पैदल ही मंदिर में गए। निकलते समय भी पैदल ही छत्ता द्वार पहुंचे।
मुख्यमंत्री बोले, सारनाथ में किया जाएगा विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुवार के दौरे में सारनाथ के विकास के लिए विश्व बैंक की सहायता से स्वदेश योजना के तहत चलाई जाने वाली 53.81 करोड़ की प्रस्तावित परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया। बाबतपुर एयरपोर्ट सभागार में विश्व बैंक के अधिकारियों ने बताया कि सारनाथ के आइडियल सिनेरियो के साथ उसकी आध्यात्मिकता बरकरार रखते हुए सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
सारनाथ के धम्मचक्र स्थल के ऐतिहासिक वृक्ष को संरक्षित किया जाएगा और सारनाथ क्षेत्र के सड़क एवं ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित किया जाएगा। यहां खुले स्थलों के साथ-साथ मेडिटेशन सेंटर भी विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि पर्यटकों को बाबतपुर से सीधे सारनाथ के बुद्धा थीम पार्क होते हुए डियर पार्क, मूलगंध कुटी एवं धमेख स्तूप तक पहुंचाने की योजना है। सारनाथ में पार्किंग, वेंडिंग जोन सहित अन्य सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
कुशीनगर, कपिलवस्तु, फर्रुखाबाद स्थित संकिसा, कौशांबी, सारनाथ एवं श्रावस्ती बुद्धिस्ट सर्किट में आते हैं। भारत सरकार द्वारा सारनाथ एवं कुशीनगर में पर्यटकों को सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है।
सीएम ने देखी शहर की तैयारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबतपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस और फिर यहां से पुलिस लाइन, खजूरी, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर होते हुए सरोजा पैलेस पहुंचे थे। इसके बाद मैदागिन से चौक होते हुए विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर चल रही तैयारियां को देखा।