पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के आगमन और उससे जुड़े रूट डायवर्जन की जानकारी ली। पुलिस आयुक्त ने कहा कि नो-फ्लाई जोन का कड़ाई से पालन किया जाए। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के समय यातायात जीरो किया जाएगा। गोदौलिया चौराहे से वीवीआईपी के आगमन व प्रस्थान के समय किसी भी प्रकार के वाहन को मैदागिन चौराहे की तरफ नहीं जाएंगे। बैठक से पहले उन्होंने कैंट, रोडवेज समेत शहर के अलग-अलग हिस्सों में रूट मार्च किया।
तीन घंटे पहले लहुराबीर, मैदागिन की तरफ नहीं जाएंगे वाहन
अमर उजाला तिराहे से वीवीआईपी के आगमन से 3 घंटे पहले टेम्पो ट्रैवलर, आर्मेनिया बसें, क्रूजर आदि वाहनों को लहुराबीर, मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ीमंडी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। विशेश्वरगंज तिराहे से वीवीआईपी के आगमन से 1 घंटे पहले चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें गोलगड्डा तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। मरीमाई तिराहे से वीवीआईपी के आगमन व प्रस्थान के समय किसी भी प्रकार के वाहन को तेलियाबाग तिराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। मलदहिया चौराहे से वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जयसिंह चौराहे और लहुराबीर चौराहे की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
पिशाचमोचन तिराहे (काशी अनाथालय के पास) से भी लहुराबीर की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। चेतगंज से वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान लहुराबीर की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। गिलट बाजार से भोजूबीर सब्जी मंडी तिराहे की तरफ वाहन नहीं जाएंगे। सिंधौरा अंडरपास, टीएफसी से किसी भी प्रकार के वाहन को भोजूबीर सब्जी मंडी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। गिलट बाजार से भोजूबीर की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। महावीर मंदिर चौराहे से सब्जी मंडी तिराहे की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।