मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री ने एक-एक योजनाओं के प्रति जानकारी ली और कहा, शासकीय धन के लूट की छूट नहीं होगी। आईजीआरएस की शिकायत, समस्याओं का निस्तारण गुणवत्ता पर करने को कहा और चेतावनी दी कि कोई निस्तारण फर्जी दिखाया और पाया गया तो कार्रवाई होगी। बिजली निगम के अफसरों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 1050 अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए गए।
मुख्यमंत्री ने मासिक बिजली बिल भेजने का निर्देश दिया। बड़े निर्माणाधीन कामों की समय सीमा तय की, इसमें राजातालाब विद्युत उपकेंद्र, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बीएचयू, 100 शैय्या मेटरनिटी विंग कबीरचौरा को 30 जून, 2019 पूरा करने की हिदायत दी और कहा, समय से कार्य पूर्ण नहीं होने पर जिम्मेदारी तय होगी और कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को एक जुलाई से पहले प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापकों की बैठक कर संचारी रोग नियंत्रण, यातायात जागरूकता, स्कूल चलो अभियान, महिला सुरक्षा आदि पर बच्चों को जागरूक करने और समय से किताबें, ड्रेस वितरण का निर्देश दिया।
योजनाओं से वंचित नहीं हो पात्र :
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सहायता की पेंशन योजना, बीमा सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं का जिक्र किया और कहा कोई पात्र व्यक्ति लाभ पाने से वंचित नहीं रहे। इसके लिए कैंप लगाकर फार्म भरवाया जाए। शहर से 180 डेरी शिफ्ट होने की जानकारी पर साफ-सफाई, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। 15 अगस्त को पौधरोपण अभियान का निर्देश दिया।