'जनता कहती है चुनाव के समय दिखाई देते हैं'
सीएम योगी ने कहा कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चला। इस दौरान भाजपा ने अखिल भारतीय स्तर पर अनेक कार्यक्रम किए। इस श्रृंखला में तीन महीने पहले से 75 दिन के इस अभियान को लेकर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इसे प्रारंभ किया और एक-एक मोहल्ले में जाकर स्वच्छता के बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। सभी जनप्रतिनिधि इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। सीएम ने कहा कि जनता से अक्सर यह शिकायत सुनने को मिलती है कि चुनाव आ गया तो दिखाई दे रहे हैं। बहुत लोग चुनाव के समय दिखाई देते हैं तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में जनता कहती है-आ गइल, लेकिन जहां जनप्रतिनिधि थोड़े भी जागरूक हैं। मौके पर जाकर जनता की सुनवाई करते हैं तो समस्या वहीं समाधान का रास्ता निकाल लेती है।
समाधान की चर्चा करते हैं तो रास्ता निकलता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सबके सामने कठिनाई आती है, लेकिन जब हम समाधान की चर्चा करते हैं तो इसका रास्ता निकलता है। समस्या को समस्या की दृष्टि से देखते हैं तो वह समाधान की तरफ नहीं बढ़ पाती। आप समाधान की तरफ सोचेंगे तो समस्या को सदैव के लिए समाप्त कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए समय निकालकर मौके पर जाना पड़ेगा। 75 दिन की यात्रा के दौरान एक-एक मोहल्ले में जाना, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ अभियान का हिस्सा बनना, चौपाल लगाना, स्वच्छता के कार्यक्रम को बढ़ाना अद्भुत कार्य है।
स्वच्छ भारत अभियान ने नारी के साथ भारत के गरिमा की भी रक्षा की
सीएम ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने देश में स्वच्छ भारत अभियान का आगाज किया था। उनका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक करना था। प्रधानमंत्री ने स्वयं अपने हाथ में झाड़ू लिया था। हम देश और मातृभूमि को गंदा नहीं होने देंगे। सबसे पहले स्वच्छता अभियान चला। 12 करोड़ घरों में एक-एक शौचालय बनाने से 60 करोड़ लोगों को लाभ मिला। यह बहुत बड़ा कार्य है। यह क्रम लगातार बढ़ता रहा। शौचालय बनाने का मतलब स्वच्छता के प्रति हर नागरिकों को आग्रही बनाना और नारी गरिमा की रक्षा करना भी था। इस सीजन में गांवों में पैदल नहीं जाया जा सकता था। रास्तों में बदबू आती थी, लेकिन 2014 के बाद परिवर्तन आया तो आज गांव और वार्ड भी साफ-सुथरे हैं। इसने नारी के साथ भारत के गरिमा की भी रक्षा की। भारत के बारे में लोगों की सोच में परिवर्तन लाया गया। आज दुनिया भारत के बारे में अच्छा सोचती है।
बीमारियों से लोगों को मिली राहत
सीएम योगी ने कहा कि गंदगी से होने वाली अनेक बीमारियों से लोगों को राहत मिली। प्रधानमंत्री ने उपचार के लिए आयुष्मान भारत की सुविधा दी। तमाम बीमारियां गंदगी के कारण पैदा होती थीं, लेकिन स्वच्छता से जुड़ने का परिणाम रहा कि उन बीमारियों से राहत मिली तो घर में बचत भी हुई। स्वच्छ भारत अभियान स्वस्थ भारत के साथ-साथ सशक्त व समर्थ भारत की भी आधारशिला है। पीएम ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में देशवासियों से कहा कि हमें भारत को विकसित बनाना है। इसके लिए शताब्दी संकल्प अभियान के साथ जोड़ा गया। देश जब आजादी के 100 वर्ष मनाएगा, उस समय हमें विकसित, समर्थ, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत चाहिए। दुनिया का कोई देश भारत की तरफ आंख टेढ़ी करके नहीं देख सकता। यह केवल पीएम का नहीं, सभी भारतवासियों का संकल्प है। इसमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी काशीवासियों की ही है, क्योंकि संसद में मोदी जी काशी का ही प्रतिनिधित्व करते हैं।
सीएम का आह्वान- इस दीपावली हर गरीब के घर पहुंचाएं मिठाई
सीएम ने कहा कि पर्व अकेले मनाने के आयोजन नहीं होते। सीएम ने आह्वान किया कि प्रदेश स्तर पर प्रयास करना चाहिए कि दीपावली पर हर स्वच्छता मित्र व स्वच्छता कर्मी को मिष्ठान वितरित करें। हर गरीब के घर में भी दीप जले और दीपावली की मिठाई जरूर पहुंचे। जब गरीब अपने घर में दीपक जलाएगा और मिष्ठान का स्वाद लेगा तो हमारी दीपावली भी बहुत अच्छी होगी। यही समाज की समरसता है। हमारा काम जोड़ना है, तोड़ने के लिए सपा-कांग्रेस पहले से बैठी है। हमें समाज को तोड़ने नहीं देना है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत, समर्थ-सशक्त भारत, विकसित और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बनेगी। इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
इसे भी पढ़ें; BHU: खराब पड़े 88 टेलीफोन पाइप को जोड़कर बनाईं नालियां, हॉस्टल में छात्रों ने की रेन वाटर हार्वेस्टिंग
पीएम के विजन के अनुरूप काशी को बनाएंगे स्वच्छ व सुंदर
सीएम योगी ने कहा कि काल भैरव, काशी विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा व मां गंगा भी वाराणसी दक्षिण से ही होकर निकलती हैं। इनकी कृपा सदा बनी रहेगी। पीएम के विजन के अनुरूप हम काशी को स्वच्छ व सुंदर बनाएंगे। काशी ने स्वच्छता के लक्ष्य को अच्छे से बढ़ाया है। 41वें से सीधे 17वें रैंक पर आ गए। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि देश में टॉप-5 में काशी रहनी चाहिए। हर काशीवासी की जिम्मेदारी है कि काशी स्वच्छ हो। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें। अपने घर की गंदगी को सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेकेंगे। भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली काशी स्वच्छता के मानकों को पूरा करने के लिए देश को नेतृत्व प्रदान करती दिखाई देगी।