समीक्षा बैठक करते सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में आए दिन हिंसक घटनाएं हो रही हैं। जिनको लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ काफी सख्त नजर आए। रविवार को समीक्षा बैठक के दौरान सीएम योगी ने डीएम और एसएसपी को निर्देश दिया कि व्यवस्था ऐसी हो कि विश्वविद्यालय परिसर का माहौल शांत और पठन-पाठन के अनुकूल रहे। हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएं। सीएम दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को बनारस पहुंचे थे।
सीएम ने कहा कि बीएचयू परिसर में पुलिस व लोकल इंटेलिजेंस का सूचना तंत्र पुख्ता हो और समय रहते घटनाओं को नियंत्रित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने काशी आने वाले विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा का मुकम्मल इंतजाम करने का निर्देश दिया। गंगा घाटों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और एयरपोर्ट के साथ ही शहर में कहीं विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्रता या हिंसा की शिकायत सुनने में न आए।
महिला उत्पीड़न और अत्याचार से जुड़े मामले संज्ञान में आते ही पुलिस कड़े कदम उठाते हुए फरियादी के साथ शालीनता से पेश आए। अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थानों की चहारदीवारी ऊंची करा कर पुलिस 100 नंबर और महिला हेल्पलाइन 1090 सहित आमजन की सुरक्षा से जुड़े अन्य योजनाओं का प्रचार-प्रसार करे।