सोनभद्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि सोनभद्र विकास में पिछड़ गया है। इसीलिए केंद्र सरकार ने इसे 115 अति पिछड़े जिलों में शामिल किया है। यहां विकास की असीम संभावनाएं हैं।
सिर्फ प्रशासन पिछड़ापन दूर नहीं कर सकता, इसके लिए समाज के हर वर्ग को साथ देना होगा। सकारात्मक सोच से ही जिले का विकास किया जा सकता है। सीएम राबर्ट्सगंज ब्लॉक के बहुअरा ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में संबोधित कर रहे थे।
यहां प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास का स्वीकृति पत्र लाभार्थियों को वितरित करने को बाद उन्होंने कहा कि सोनभद्र में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। तमाम औद्योगिक संस्थाएं हैं, फिर भी यह जिला पिछड़ा है। वास्तविकता में यहां बदलाव जरूरी है। सोनभद्र विकास की दर में पिछड़ गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 115 अति पिछड़े जिलों में सोनभद्र को भी शामिल किया है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विकास, रोजगार के क्षेत्र में बहुत कुछ करने की जरूरत है। पहले विकास के इंडेक्स में इस जिले को अन्य जिलों के बराबरी में लाना है। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों ने विद्यालयों को गोद लेकर अच्छा कार्य किया है।
बहुअरा विद्यालय के सुंदरीकरण की तारीफ की और कहा कि यदि ऐसे ही जिले के प्रत्येक विद्यालय की तस्वीर हो जाए, विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की तैनाती हो जाए तो शिक्षा का विकास अपने आप हो जाएगा। हम पिछड़े जिले से उबर सकते हैं। इसके लिए सामूहिक प्रयास करना होगा।
हर व्यक्ति की शिकायत करने की होती है आदत
सीएम योगी
- फोटो : amar ujala
सीएम योगी ने कहा कि शिकायत करने वाला व्यक्ति आगे नहीं बढ़ सकता। हर व्यक्ति की शिकायत करने की आदत होती है। समाज में पिछड़ापन एक दूसरे की शिकायत करने से ही आता है। हम दूसरे की शिकायत करते हैं लेकिन अपने भी वही गलती करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और आय को दो गुना करके पिछड़ेपन को दूर करना है। सहीं से कार्य हो तो दो वर्ष में जिला विकसित हो सकता है। सकारात्मक सोच जिले के विकास को नई दिशा दे सकता है। नये सिरे से प्रयास की जरूरत है।
उन्होंने कुपोषितों को चिह्नित कर उन्हें पोषित बनाने, इंद्रधनुष योजना के तहत टीकाकरण कराने के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण, मुख्यमत्री आवास के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिया और 101 सिलाई केंद्रों की संचालक महिलाओं को 101 पीको मशीन वितरित किया। सोलर रसोई घर, स्मार्ट क्लाब का उद्घाटन किया।
सोन फैब्स के स्टॉल का निरीक्षण किया। जिले की प्रभारी मंत्री अर्चना पांडेय ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर काशी क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, राज्यसभा सदस्य रामशकल, सांसद छोटेलाल खरवार, एमएलसी केदारनाथ सिंह, विधायक अनिल मौर्या, भूपेश चौबे, हरीराम चेरो, संजीव सिंह गौड़, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।