बीएचयू आईआईटी के खेल महोत्सव स्पर्धा-2017 के अंतिम दिन रविवार को गत चैंपियन आईआईटी बीएचयू के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओवरआल चैंपियन का खिताब दूसरे बार अपने नाम किया।
महिला व पुरुष वर्ग में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन से पिछले वर्ष के चैंपियन के खिताब को अपने पास ही रखा। पावर लिफ्टिंग, ताइक्वांडो और वेटलिफ्टिंग में आईआईटी बीएचयू ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
रविवार को आयोजित बालक वर्ग के पावर लिफ्टिंग के मुकाबले में आईआईटी बीएचयू चैंपियन और इंद्रप्रस्थ रनर अप रहा। ताइक्वांडो में आईआईटी की टीम ओवरआल चैंपियन रही। वेट लिफ्टिंग में बीएचयू आईआईटी विजेता और आईआईटी केजीपी रनर अप रही।
क्रिकेट में भी आईआईटी बीएचयू ने एमएनआईटी इलाहाबाद को मात देकर शील्ड पर कब्जा जमाया। कैरम की बालिका वर्ग में आरईसी विजेता और आईआईटी बीएचयू की टीम रनर अप रही।
एथलेटिक्स के बालक वर्ग मुकाबले में आईआईटी बीएचयू ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया जबकि केआईटी वाराणसी की टीम रनर अप रही। बालिका वर्ग में आईआईटी बीएचयू का परचम लहराया जबकि आईईटी लखनऊ रनरअप रही।
बालक वर्ग की बाक्सिंग प्रतियोगिता में आईआईटी बीएचयू के मुक्केबाजों का दबदबा कायम रहा। वाईएमसीए फरीदाबाद की टीम रनर अप रही। चेस के बालक वर्ग में आईआईटी बीएचयू विजेता और आईआईटी दिल्ली रनरअप रही।
बालिका वर्ग में एनआईटी केकेआर विजेता रही जबकि एमएनआईटी इलाहाबाद को रनर अप से संतोष करना पड़ा। कबड्डी के मुकाबले में बालक वर्ग में सीमेज चैंपियन जबकि केआईटी रनर अप रही।
बालिका वर्ग में एनआईटी केकेआर ने जीत दर्ज की जबकि सीपीएल की टीम रनर अप रही। खो-खो के बालक वर्ग में आईआईटी बीएचयू और बालिका वर्ग में भी आईआईटी बीएचयू के खिलाड़ियों ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग में सीपीएल और बालिका वर्ग में सनबीम रनरअप रही।