वाराणसी के हरिहरपुर गांव में 10वीं के छात्र पीयूष विश्वकर्मा (16) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के मुतबिक, रोहनिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में वेदप्रकाश विश्वकर्मा बीते तीन वर्ष से अपने परिवार के संग रह रहे हैं। उनका एक पुत्र व दो पुत्री है।
रविवार की सुबह बेटे पीयूष ने अपनी मां से लैपटॉप लेने की जिद करने लगा। अन्य कार्यों में व्यस्त मां ने बेटे को डांटा और कहा कि जा कर पढ़ाई करो। पीयूष इस बात से नाराज हो गया और अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद वेदप्रकाश विश्वकर्मा घर पहुंचे तो बच्चों को सामने न देख कमरे में जाने लगे लेकिन दरवाजा बंद था।
उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर उनका लाल पीयूष पंखे से गमछा के सहारे लटका हुआ था । दृश्य देखते ही घर में चित्कार मच उठा। शोर सुनकर आस पास के लोग जुटे तो नजारा देखकर वो भी सन्न रह गए। सूचना पुलिस को दी गई। मृतक शिवमूर्ति इंटर कॉलेज गोविंदपुर रोहनिया मे कक्षा 10 का छात्र था।