इलाहाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, हालत नाजुक
- फोटो : demo
जौनपुर जिले एक गांव में अपने नाना के यहां रहकर पढ़ाई कर रहे कक्षा नौ के छात्र ने शिक्षक की पिटाई से क्षुब्ध होकर विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। उसे इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई गई है।
मछलीशहर क्षेत्र के एक गांव में नाना के घर रहकर पढ़ाई करता है। वह इलाके के एक निजी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। मंगलवार को दोपहर छात्र स्कूल से घर लौटा और बस्ता घर पर रखकर सिवान की तरफ चला गया। पंपिंगसेट पर जाकर उसने कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया।
उसके शरीर में जहर का असर होने पर वह जमीन पर गिरकर छटपटा रहा था। उधर से गुजर रहे गांव के एक व्यक्ति की नजर किशोर पर पड़ी तो उसने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने रेफर कर दिया।
उसे इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोर की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है जिससे पता चलता है कि स्कूल में शिक्षक की पिटाई से क्षुब्ध होकर उसने जान देने की कोशिश की है।
सुसाइड नोट में किशोर ने लिखा है कि स्कूल में एक छात्र से उसकी मारपीट हो गई थी। इस पर स्कूल के शिक्षक दोनों छात्रों को एक कमरे में ले गए। कमरा बंद कर उसकी बेतरह पिटाई की जबकि दूसरा छात्र शिक्षक के गांव का था, इस नाते उसे सिर्फ दो तमाचा मारकर छोड़ दिया।
जिस छात्र से उसका विवाद हुआ उसी के सामने पिटाई करने को वह बरदाश्त नहीं कर पा रहा है। मछलीशहर कोतवाली के प्रभारी उदय प्रताप सिंह का कहना है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। परिवार के सभी सदस्य छात्र के साथ इलाहाबाद स्थित अस्पताल में हैं।