गांव में तनाव को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात
- फोटो : अमर उजाला
रविदास जयंती पर निकले जुलूस में डीजे पर डांस करने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। यह विवाद थोड़ी ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों गुटों की ओर से लाठी, डंडों,ईंट और पत्थरों की बरसात शुरू हो गई। इस हिंसा में दोनों पक्षों से एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले महिला सहित एक अन्य ने दम तोड़ दिया। यह घटना यूपी के मऊ जिले में बुधवार रात आठ बजे के बाद घटी। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर दोनों पक्षों के आठ- आठ आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव में तनाव को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बुधवार रात गोकुलपुरा गांव से रविदास जयंती पर जुलूस निकाला गया था। जुलूस गांव से होकर रानीपुर तक गया। रासत् में सादीपुर गांव के पास युवक डांस कर रहे थे।
वहां कुछ महिलाएं भी थीं जो डांस करना चाह रही थीं। इस बीच एक व्यक्ति डांस कर रहे कुछ युवाओं को महिलाओं को डांस करने के लिए वहां से हट जाने को कहा। इसे लेकर कुछ युवा भड़क गए। इस दौरान युवकों के दो गुट हो गए।
हाथापाई और कॉलर पकड़ने तक बढ़ी वारदात के बाद लोगों ने बीच बचाव कर युवकों को हटाया। वहां से जुलूस गांव के लिए वापस हो गया।
..और तब अचानक बढ़ा मामला
महिला की मौत के बाद मचा कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
जुलूस जब गांव के पास सुल्तानीपुर मिर्जाहादीपुरा मेन मार्ग पर पर पहुंचा तो फिर कुछ युवा अचानक बेकाबू हो गए। पहले से वहां खड़े कुछ युवक लाठी और ईंट पत्थर लेकर हमला करने लगे। मारपीट में राकेश ( 23),अर्जुन (20), अखिलेश(18), देवंती (47) पत्नी घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल देवंती और राकेश को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। देवंती को लेकर उसके परिजन आजमगढ़ जा रहे थे कि उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। उधर राकेश को लेकर उसके परिवार वाले वाराणसी जा रहे थे कि उसकी भी मौत रास्ते में हो गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में पुलिस ने कुल 16 लोगों के खिलफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ अनिल कुमार का कहना है कि मामूली विवाद को तूल दे दिया गया।
पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेगी। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। गांव में काफी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शिवजी शुक्ल सीओ अनिल कुमार और एसडीएम अनूप कुमार मौके पर पहुंच गए।