मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने जौनपुर के मछलीशहर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के घर में घुसकर छेड़खानी, लूटपाट और तोड़फोड़ के आरोप में एसआई, पांच पुलिसकर्मियों और चार विपक्षियों के खिलाफ वाद दर्ज किया है।
विवाहिता ने अदालत में दरखास्त दिया कि थाना मछलीशहर के सब इंस्पेक्टर पांच अन्य पुलिसकर्मियों के साथ 29 जुलाई की रात 11 बजे उसके घर में घुस आए। महिलाओं के साथ अभद्रता की और उनके गहने, बाहर खड़ी बाइक लूट लिए। धमकी दी कि विपक्षी गर्जन एवं उसके घर वालों की तरफ आंख उठाकर देखा तो अंजाम भुगतना होगा। इस दौरान पुलिस की बातचीत धमकी की आडियो रिकार्डिंग भी मोबाइल में सुरक्षित है।
उन्होंने थानाध्यक्ष से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। पीड़ित महिला ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया तो उनके आदेश पर सीएमओ ने मेडिकल करवाया। न्यायालय में बाइक रिलीज का प्रार्थना पत्र दिया तो थाने से रिपोर्ट आई कि वाहन को लावारिस में सीज किया है। कोर्ट के आदेश पर 30 सितंबर को बाइक रिलीज हुई। वादी ने मुख्यमंत्री, मानवाधिकार आयोग, पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया कोई कार्रवाई नहीं हुई तब उसने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई।