वर्ष 2015 में वाराणसी-काठमांडो मैत्री बस सेवा शुरू की गई थी। यात्रियों ने इसे पसंद किया था। टिकट की अच्छी बुकिंग हो रही थी। इस बीच वर्ष 2018 में परमिट नवीनीकरण का पेंच फंस गया। इससे बस का संचालन रोक दिया गया। बाद में कोरोना संकट आया और लॉकडाउन की वजह से बस सेवा बंद कर दी गई। नेपाल ने 17 नवंबर 2021 में दोबारा बस सेवा शुरू की थी। 2022 में यह सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई।
बाबा विश्वनाथ की नगरी से हरिद्वार जाने के लिए पहली बार रोडवेज ने पहल की है। रोडवेज परिवहन निगम इस रूट पर वातानुकूलित बस चलाएगा। अधिकारियों के अनुसार, धार्मिक यात्रा कराए जाने को लेकर वाराणसी से हरिद्वार के बीच बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया, जिसे मंजूर करते हुए रोडवेज मुख्यालय ने उत्तराखंड के परिवहन विभाग से संपर्क साधा। दोनों तरफ से बसों के संचालन पर सहमति बनी। एक बस वाराणसी की और एक बस हरिद्वार की होगी। अगले माह तक इसके संचालन की तिथि घोषित की जाएगी। अभी तक उत्तराखंड के लिए एक भी बस सेवा वाराणसी से नहीं है।
वाराणसी कैंट रोडवेज बस स्टेशन से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ बाईपास होते हुए रूड़की-हरिद्वार मार्ग होेते हुए हरिद्वार बस स्टेशन पर बस पहुंचेगी।
कैंट रोडवेज से हरिद्वार के लिए वातानुकूलित बस सेवा जल्द शुरू होगी। उत्तराखंड में परमिट को लेकर सहमति बनी है। अगले माह तक बस संचालन के संबंध में मुख्यालय से आदेश आ सकता है।- गौरव वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, वाराणसी परिक्षेत्र