आईसीएसई में अनुष्का दूबे और आईएससी में हर्ष द्विवेदी ने पूरे वाराणसी जिले में डंका बजाया है। सोमवार को काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) द्वारा परिणाम घोषित किया।
डब्ल्यू एच स्थित स्कूल सिगरा की 10वीं की छात्रा अनुष्का दूबे ने 98.16 अंक हासिल कर सफलता की नई इबारत लिखी। वहीं इंटरमीडिएट में 97.60 अंकों से सेंट फ्रांसिस स्कूल रामनगर के हर्ष द्विवेदी जिले के टॉपर बने। सोमवार को सीआईएससीई बोर्ड का परिणाम दोपहर तीन बजे घोषित किया गया।
इसमें स्मिथ स्कूल की छात्रा अनुष्का दूबे ने हाईस्कूल में पूरे जिले में टॉप किया। वहीं दूसरे टॉपर 97.83 अंकों से सेंट जोसेफ स्कूल शिवपुर के छात्र दीपेश कुमार सिंह रहे। तीसरा स्थान सेंट फ्रांसिस स्कूल रामनगर के सैयद अली अब्बास ने हासिल किया। उन्होंने 97.67 अंकों से अपने स्कूल में टॉप किया।
इसी तरह इंटरमीडिएट में सेंट फ्रांसिस स्कूल के हर्ष द्विवेदी ने 97.6 प्रतिशत अंक से जिले में टॉप कर न सिर्फ अपने मां-पिता को गौरवान्वित किया बल्कि स्कूल का नाम भी रौशन किया। इंटरमीडिएट में दूसरी व तीसरी टॉपर सेंट जॉन्स स्कूल मढ़ौली की छात्रा कनिका डिडवानिया 96.4 और पलक मिश्रा 95.8 प्रतिशत अंकों से रहीं।
परिणाम के घोषणा के दौरान मेधावियों के चेहरे तो खिले रहे, अभिभावकों का भी सीना गर्व से चौड़ा हो गया। स्कूल के प्रिंसिपल ने टॉपर छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा भी कराया।