जिले में अब खेल का 11वां जोन क्राइस्ट नगर बना दिया गया है। इसमें 17 विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल होंगे। जिले से सुदूर क्षेत्र के खिलाड़ी भी प्रदेश के शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में भागीदारी करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 11वें क्राइस्ट नगर जोन का संयोजक विकास इंटर कॉलेज परमानंदपुर के प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह को बनाया गया है। यह आदेश जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी किया गया। इसमें बताया गया है कि प्रधानाचार्य ही इस जोन में आगामी खेलों की जिम्मेदारियां देखेंगे। उन्हीं को खिलाड़ियों का ट्रायल कराने का निर्देश दिया गया है। खेलों की जनपदीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करनी होगी। इस पहल से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा।
नए जोन में शामिल 17 विद्यालय
नए क्राइस्ट नगर जोन में कुल 17 विद्यालय शामिल किए गए हैं। इनमें रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, विकास इंटर कॉलेज परमानंदपुर, सरस्वती विद्या मंदिर शिवपुर, सीएमएजी इंटर कॉलेज लोहदान, राज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी, गंगोत्री इंटर कॉलेज उंदी और सरस्वती इंटर कॉलेज ऐढ़े, लमही के छात्र इसमें भाग लेंगे।