सोनभद्र जिले के एक गांव के अगरियाडीह टोले में मंगलवार की सुबह छह वर्षीय बालक का शव अरहर के खेत में मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बालक की हत्या रस्सी से गला दबाकर की गई है। बालक के पिता ने गांव के ही दो लोगों पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है।
पिपरी थाना क्षेत्र में मकरा ग्राम पंचायत के अगरियाडीह टोला निवासी आशीष (6) पुत्र शिव कुमार सोमवार की दोपहर अचानक गायब हो गया। उसी समय से परिवार वालों व आसपास के ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक बालक का कोई पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह बालक का शव घर के नजदीक ही अरहर के खेत में पाया गया।
प्रधानपति रामभगत यादव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर बालक के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ दिनों पहले गांव के ही सोमारू से उसकी किसी बात पर मारपीट हो गई थी। तब आरोपी ने बेटे की हत्या की धमकी भी दी थी।
दूसरी तरफ इस बारे में पिपरी सीओ अभिषेक सिंह का कहना है कि मृतक के पिता शिवकुमार की तहरीर पर गांव के ही सोमारू और अमर नाथ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही संदिग्ध चार पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।