Varanasi News: वाराणसी जिले में प्राथमिक विद्यालय में एक बच्चे का पैर खौलती दाल में पड़ने से उसका पैर करीब 30 फीसदी जल गया। बच्चे की दादी ने बताया कि सूचना मिलने पर विद्यालय गई। बताया गया कि अस्पताल में भेजा गया है।
वाराणसी जिले के फुलवरिया वार्ड स्थित पहलुकापुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार की दोपहर कक्षा एक के छात्र ऋषभ सोनकर (07) का पैर खौलती दाल के भगोने में पड़ गया। ऋषभ को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर किया गया। यहां उसका बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
डॉक्टरों के अनुसार बच्चे का पैर करीब 30 फीसदी जला है। ऋषभ की दादी ऊषा देवी ने बताया कि सूचना मिलने पर विद्यालय गई। बताया गया कि अस्पताल में भेजा गया है। अस्पताल जाने पर पता लगा कि पैर जला है। पैर पर पट्टी बांधी गई थी।
ऊषा देवी ने विद्यालय के शिक्षकों पर समय से घटना की जानकारी न देने का आरोप लगाया। ऋषभ के पिता संतोष सोनकर ने भी विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि दाल कैसे गिरी, जिम्मेदार कुछ नहीं बता रहे हैं। हालांकि उसने लिखित शिकायत नहीं की।
विज्ञापन
इस बारे में बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय में बच्चे खाना लेने के लिए लाइन में खड़े थे। धक्कामुक्की के कारण ऋषभ गिर गया और उसका पैर भगौने में पड़ गया। बच्चे को मंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बच्चे की निगरानी के लिए शिक्षकों से कहा गया है। साथ ही शिक्षकों से भी पूछताछ की गई है।