जिले के प्रमुख गंगा घाट
गाजीपुर जिले के प्रमुख गंगा घाटों में ददरी घाट, कलक्टर घाट, पक्का घाट, चीतनाथ घाट, नवापुरा घाट, महादेवा घाट, स्टीमर घाट, पोस्ता घाट, सैदपुर घाट, गहमर घाट, वराह गंगा घाट वराह, वीरपुर, शेरपुर आदि शामिल हैं। इन गंगा घाटों का जनपद में एक प्रमुख स्थान है।
तैयारियों में यहां है कमी
गाजीपुर जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर चेजिंग रूम की व्यवस्था करने की बात कही जा रही है। लेकिन, सामान्य दिनों की तरह अधिकांश गंगा घाटों पर केवल एक चेजिंग रूम है। ऐसे में डाला छठ पर्व पर महिला श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने यह चेजिंग रूम नाकाफी साबित होंगे। कुछ यही हाल बैरिकेडिंग का है। सभी प्रमुख गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग नहीं की गई है। कुछ जगहों पर जुगाड़ के सहारे बांस की बैरिकेडिंग कर दी गई है। अर्घ्य देते समय भीड़ के दबाव में यह बैरिकेडिंग टूट सकती है। इसी तरह प्रकाश, सजावट आदि की व्यवस्था भी विभिन्न कमेटियों के माध्यम से किया जाता है।
घाट पर कई जगह मिली ऐसी ही गंदगी।
- फोटो : संवाद
केस एक - वराह गंगा घाट औड़िहार का एक प्रमुख गंगा घाट है। डाला छठ महापर्व पर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। लेकिन, यहां पर अभी तक बैरिकेडिंग नहीं की गई है। ऐसे में पूजन के दौरान हादसा होने की संभावना है। लोगों की मांग है कि सुरक्षा को लेकर पहल की जाए।
केस दो - गहमर के नरवा गंगा घाट पर नाविकों व गोताखारों के मोबाइल नंबर अंकित नहीं है। साथ ही चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। ऐसे में हादसा होने की स्थिति में लोगों को मदद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है। साथ ही जुगाड़ के तहत बांस के सहारे बैरिकेडिंग कर दी गई है।
डाला छठ महापर्व पर महिला श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। इसलिए भीड़ के हिसाब से चेजिंग रूम की व्यवस्था होनी चाहिए। - जयशंकर उपाध्याय, गहमर
वराह गंगा घाट पर अभी तक बैरिकेडिंग नहीं की गई है। जबकि डाला छठ महापर्व शुरू होने में कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - किशन, मेहनाजपुर
संबंधित अधिकारियों को घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, चेजिंग रूम आदि लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम अनुपम शुक्ला की ओर से यह भी निर्देश दिया गया है कि डाला छठ महापर्व पर कोई दुर्घटना घटित न होने पाए। - वेद सिंह चौहान, एडीएम