रेलवे पुलिया का बेस धंसने पर जायजा लेते अधिकारी।
बाढ़ और बारिश का असर अब रेल परिचालन पर भी पड़ने लगा है। सोमवार को चौकाघाट डाट पुल के समीप रेलवे पुलिया (23 नंबर) के नीचे पानी जमा होने से मिट्टी करीब 10 फीट धंस गई। इसके चलते दो ट्रैकों के बीच का बेस (प्लिंथ) धंस गया। घटना दिन में करीब ढाई बजे की है। प्रभावित ट्रैक बंद कर दूसरे से एक्सप्रेस गाड़ियों को पास कराया जा रहा है। वाराणसी-मुगलसराय रूटी की आधा दर्जन पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गईं हैं।
घटना की जानकारी रेल पथ निरीक्षण के दौरान हुई। शाम करीब चार बजे काशी और व्यासनगर स्टेशन से बोल्डर मंगाकर रेलवे के चीफ एरिया मैनेजर आरपी चतुर्वेदी ने मरम्मत कार्य शुरू कराया। ट्रैक बंद होने से वाराणसी-रांची इंटरसिटी, कुर्ला-पटना, पटना-इंदौर और श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें विलंबित हुईं। कैंट से वाराणसी-रांची इंटरसिटी रवाना होने के लिए तैयार थी। कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन रोक दी गई। थोड़ी देर पहले उसी ट्रैक से मथुरा-पटना एक्सप्रेस गुजरी थी। संयोग रहा कि हादसा नहीं हुआ। कैंट से उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे का रूट होने के कारण यह काफी व्यस्त रेलखंड है। एनईआर के एडीआरएम संतोष शुक्ला भी घटना जानकारी लेने रवाना हो चुके हैं।
अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस को जफराबाद से मुगलसराय, विभूति एक्सप्रेस को औड़िहार-भटनी, हिमगिरी एक्सप्रेस को सुल्तानपुर से मुगलसराय, हावड़ा-जैसलमेर को बदले हुए रूट से भेजा गया