इसी दौरान यार्ड निरीक्षक पंकज कुमार ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 12322 मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 और 43 पर बैठे दो यात्री एक पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने ट्रेन में पहुंचकर दोनों यात्रियों को रोका और बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों यात्री धनराशि के स्रोत के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही नकदी से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। पकड़े गए युवकों की पहचान राहुल सोनी (38) और पुष्प कुमार (23), दोनों निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई।
घटना की सूचना तत्काल आयकर विभाग, वाराणसी को दी गई। सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों, बरामद 28 लाख रुपये तथा पिट्ठू बैग को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। अब आयकर विभाग धनराशि के स्रोत, स्वामित्व और उसके परिवहन के उद्देश्य की विस्तृत जांच करेगा। दस्तावेज संतोषजनक नहीं मिलने पर आयकर अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।