यूपी के चंदौली जिले की पुलिस अपनी एक कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में है। यहां पुलिस ने दो साल की बच्ची से छेड़खानी के आरोप में छह से सात साल के तीन बच्चों पर पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया।
शुक्रवार को बच्चों के परिवार वालों ने एसपी संतोष सिंह से मिलकर चकरघट्टा थानाध्यक्ष पर साजिश करने का आरोप लगाया। एसपी ने थानाध्यक्ष को फटकार लगाई और जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 जून को बच्चे खेल रहे थे। बच्चों ने खेल-खेल में एक दूसरे की शर्ट में कंकड़, पत्थर भर दिए। इससे दो साल की बच्ची के शरीर पर घिसने का निशान पड़ गया।
चकरघट्टा पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर पर 17 जून को सात साल के तीनों बच्चों के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। बच्ची का मेडिकल मुआयना भी नहीं कराया।