वीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी को भेजा पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने किसानों की धान की फसल की खरीद के लिए जिलाधिकारी चंदौली को पत्र भेजा है। सांसद ने इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को भी भेजी है। पत्र में लिखा है कि यूपी सरकार, जो किसानों की धान की फसल (पैडी) की 100 प्रतिशत खरीद की गारंटी देती है, अब पूरी तरह से असफल हो रही है।
चंदौली एक कृषि प्रधान क्षेत्र है और जिसे धान का कटोरा कहा जाता है, वहां की मुख्य फसल धान है लेकिन अब तक उत्पादित फसल का 30 प्रतिशत भी खरीद नहीं हो पाई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने क्रय केंद्रों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हर साल धान के उत्पादन का मानक 85 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होता है, लेकिन इस वर्ष इसे घटाकर 65 क्विंटल कर दिया गया है। इस नए मानक के आधार पर किसानों की पूरी फसल का उत्पादन क्रय केंद्रों द्वारा नहीं खरीदा जा सका। क्रय केंद्र बंद होने से बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और खाद्य विभाग के अफसरों से मिलकर बड़े पैमाने पर 50 रुपये प्रति क्विंटल का कमीशन लेकर पैडी खरीद रहे हैं।
सांसद ने मांग की है कि मामले की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, जिले के क्रय केंद्रों पर खरीद की अवधि 20 दिनों तक बढ़ाई जाए और प्रति हेक्टेयर मानक को 65 क्विंटल से बढ़ाकर 85 क्विंटल किया जाए ताकि किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिल सके।