विशाल वर्मा तिजोरी से अलग-अलग डिजाइन के लॉकेट निकालकर दिखाने लगे। इसी दौरान युवक लगातार बातचीत कर उनका ध्यान भटकाता रहा। मौका मिलते ही उसने करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के लॉकेट का एक पैकेट चोरी से उठा लिया और बिना किसी को भनक लगे दुकान से निकल गया।
कुछ देर बाद सामान का मिलान करने पर लॉकेट का पैकेट गायब मिला। दुकानदार ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर इलिया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दुकान के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के बाजार और संभावित मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे।