चंदौली जिले के हरदहवा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह गैस चूल्हे पर दूध उबालते समय एक युवती आग की चपेट में आ गई। उसकी चीख-पुकार सुन पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे स्थानीय सीएचसी ले गए। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरदहवा निवासी रामरक्षा प्रजापति की भतीजी रीना (20) सुबह दूध उबालने किचन में गई। उसने दूध को गैस चूल्हे पर रखकर चूल्हे का स्वीच ऑन कर दिया। इसके बाद वह चूल्हा जलाने के लिए माचिस लेने दूसरे कमरे में चली गई। माचिस लाने के बाद जैसे ही उसने चूल्हा जलाने का प्रयास किया, पहले से किचन में निकली गैस में आग लग गई।
इसके बाद आग की चपेट में आकर रीना मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसकी चीख पुकार सुनकर परिजन वहां पहुंच गए और उसे अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। मृतका की मई माह में शादी होने वाली थी। कुछ वर्ष पूर्व पिता की मौत हो जाने के बाद वह अपनी छह बहनों व एक भाई के साथ चाचा के घर पर रह रही थी।
ग्रामीणों के अनुसार पिता की मौत के बाद उसके मां की भी मानसिक दशा ठीक नहीं चल रही थी। घटना का पता चलने के बाद सीओ नक्सल भुवनेश शिकारा भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।