नौ साल पहले चोरी हुई बाइक का रजिस्ट्रेशन पेपर अपने नाम ट्रांसफर कर कोई और उसे चला रहा है। जिसकी बाइक चोरी हुई थी उसके घर ट्रैफिक पुलिस का चालान आया तो उसे असलियत का पता लगा। प्रकरण को लेकर नंदा सिंह की तहरीर पर तेलियाबाग निवासी शिव प्रसाद गुप्ता और आरटीओ कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
चोलापुर थाना के गोपापुर निवासी नंदा सिंह ने एसएसपी से शिकायत की थी। नंदा के अनुसार, उनकी बाइक नौ अक्तूबर 2011 को सारनाथ क्षेत्र से चोरी हो गई थी। पुलिस बाइक खोज नहीं सकी तो फाइनल रिपोर्ट लगा दी। इस बीच पिछले साल उनके घर ट्रैफिक पुलिस का चालान आया। चालान से पता लगा कि पत्नी कीर्तन सिंह के नाम से आरटीओ में रजिस्टर्ड बाइक फर्जी कागजात की मदद से शिव प्रसाद गुप्त ने अपने नाम ट्रांसफर करा ली है।
भेद खुलने पर सारनाथ थाने की पुलिस ने बाइक को बरामद किया तो आरटीओ की ओर से अदालत में कहा गया कि शिव प्रसाद गुप्ता ने फर्जी तरीके से बाइक अपने नाम कराई थी। इसलिए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया है। जबकि, हकीकत में न मुकदमा दर्ज कराया गया और न इसके लिए प्रार्थना पत्र दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बड़ागांव संजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रकरण में शिव प्रसाद गुप्ता के साथ ही परिवहन विभाग के जिन कर्मचारियों की मिलीभगत उजागर होगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।