पीड़ित ने बताया कि 11 फरवरी को दिन भर वह अपने घर में ही रहे और कहीं नहीं गए। इस बीच उनके मोबाइल पर यातायात नियम के उल्लंघन के आरोप में एक हजार रुपये के चालान का मैसेज आया।
राजातालाब में जक्खिनी स्थित घर पर खराब हालत में खड़ी बाइक का शिवपुर क्षेत्र में तीन सवारी बैठाने के मामले में एक हजार रुपये का चालान कट गया। मोबाइल पर चालान का मैसेज देख कर वाहन स्वामी का सिर चकरा गया। प्रकरण को लेकर जक्खिनी निवासी वाहन स्वामी अरविंद सिंह ने यातायात पुलिस और राजातालाब थाने की पुलिस से शिकायत की है।
विज्ञापन
वाहन स्वामी अरविंद सिंह के अनुसार, उनकी बाइक खराब है और इसी वजह से वह घर पर ही खड़ी है। इस समय वह आवागमन के लिए दूसरे वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं। गत 11 फरवरी को दिन भर वह अपने घर में ही रहे और कहीं नहीं गए। इस बीच उनके मोबाइल पर यातायात नियम के उल्लंघन के आरोप में एक हजार रुपये के चालान का मैसेज आया।
चालान शिवपुर क्षेत्र में बाइक पर तीन सवारी बैठाने के आरोप में हुआ है। अरविंद सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर का प्रयोग गलत तरीके से कोई अन्य वाहन स्वामी भी कर रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि प्रकरण की जांच कर उनकी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर का फर्जी तरीके से इस्तेमाल करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।