रोहनिया। मोहनसराय में सड़क पर अचेत मिले बिहार के बेगूसराय निवासी वाहन चालक रामजी महतो की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि रामजी के पिता और परिजनों ने लॉकडाउन और बीमारी का हवाला देकर बनारस आने से इनकार कर दिया। ऐसे में सोमवार को किसी के न आने पर पुलिस ही शव की अंत्येष्टि कराएगी।
बेगूसराय निवासी रामजी दिल्ली से पैदल ही घर जा रहा था। मोहनसराय में 16 अप्रैल को सड़क किनारे वह अचेत मिला था। सूचना पाकर पुलिस पहुंची, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही रामजी की मौत हो गई। उसे कोरोना संदिग्ध मानकर उसका सैंपल लिया गया। रविवार को चौकी इंचार्ज मोहनसराय गौरव पांडेय ने बताया कि रामजी की कोरोना जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसके पिता रामचंद्र को इसकी जानकारी देकर शव ले जाने के लिए कहा गया तो उन्होंने पैसा न होने की बात कही। उन्हें बताया गया कि आने-जाने के साथ ही शव की अंत्येष्टि का खर्च दिया जाएगा, तब भी वह बनारस आने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके साथ ही उन्होंने लॉकडाउन और अपनी बीमारी का हवाला दिया। रामजी के रिश्तेदारों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई सोमवार दोपहर तक आ जाता है तो ठीक है, नहीं तो फिर शव का पोस्टमार्टम करा कर पुलिस ही अंत्येष्टि कराएगी।