ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल बोले, शहर को बिजली चोरी और कटियामारी से मुक्त कराएंगे
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सुव्यवस्थित बिजली आपूर्ति के लिहाज से बनारस को प्रदेश का ‘मॉडल सेंटर’ बनाया जाएगा। शहर को बिजली चोरी और कटियामारी से पूरी तरह मुक्त कराया जाएगा। यहां सौ प्रतिशत कनेक्शन वैध होंगे। इसके लिए अफसरों को दो महीने का टारगेट दिया गया है।
इस दौरान जिनके घरों, कारखानों में बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां अभियान चलाकर कनेक्शन दिए जाएंगे। केंद्र और प्रदेश की सरकार चाहती है कि बिजली चोरी के खिलाफ लोग इस शहर का उदाहरण दें।
मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पिछली सपा सरकार कहती थी कि हम कटियामारी करने वालों पर कार्रवाई नहीं करेंगे। जबकि प्रदेश की योगी सरकार ईमानदार को प्रोत्साहन देगी। बिजली चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद केंद्र की ओर से पहली बार कोई कद्दावर मंत्री वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने आया था। करीब चार घंटे तक समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है।
इससे सभी तरह के विकास कार्यों, परियोजनाओं में तेजी जाएगी। दावा किया कि शहर का ऐतिहासिक विकास होगा। बताया कि आईपीडीएस के तहत बिजली तारों को भूमिगत करने का अधिकतर काम बारिश से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व का प्रस्तावित काम 30 सितंबर तक पूरा हो जाना था लेकिन चुनाव के चलते देरी हुई। वे कार्य अब जल्द पूरे होंगे। हेरिटेज पोल भी जल्द लगेंगे।