सपा के लिए कांग्रेस को बताया कमजोर बैसाखी
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत कभी विस्तारवादी और आक्रांता नहीं रहा है। आतंकियों ने सीमा पार कर हमारे 17 सैनिकों की जान ली तो पीएम ने दृढ़ निश्चय का परिचय दिया और हमारे जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया था। पड़ोसी देश के खिलाफ यह कार्रवाई मजबूरी में करनी पड़ी।
हम पड़ोसी से अच्छा संबंध चाहते हैं लेकिन जब कोई छेड़ता है तो भारत उसे छोड़ता नहीं है। वे बातें गुरुवार को लालगंज के रामजानकी मैदान और चौरी बेलहां महाविद्यालय तरवां के मैदान में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि अटल जी कहते थे कि दोस्त बदल जाते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं। हम पड़ोसी से अच्छे संबंध चाहते हैं लेकिन कुछ आतंकी ताकतें न सिर्फ भारत बल्कि पाकिस्तान में भी माहौल खराब कर रही हैं।
वहां के शासकों की जाने क्या मजबूरी है कि वे हालात पर काबू पाने में अक्षम हैं। सीमा पर कुछ न कुछ होता ही रहता है। उन्होंने सपा के दावों पर तंज कसते हुए जनता से पूछा कि क्या उन्हें 20 घंटे बिजली मिली, सिंचाई का पानी मिला, सड़क और रोजगार मिला, लोगों ने न में जवाब दिया तो उन्होंने कहा कि जब कुछ मिला ही नहीं तो सपा सरकार ने क्या विकास किया है।
कहा सीएम का दावा है कि उनका काम बोल रहा है। काम बोलता नहीं दिखता है लेकिन प्रदेश सरकार का काम दिख नहीं रहा है। इस बार सपा कमजोर महसूस कर रही है तभी उसने कांग्रेस की बैसाखी का सहारा लिया है। पर यह बैसाखी कमजोर हो चुकी है।
राहुल पर कसा जबरदस्त तंज
कहा, न बिजली, पानी और न सड़क सपा का यह कैसा विकास
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कहा कि उसके नेता चार माह पहले खाट सभा कर रहे थे। खाट सोने के लिए होती है सभा के लिए नहीं। चुनाव के चार माह पहले ही जिसने खाट पकड़ ली वह चुनाव क्या जीतेगा। उन्हें नहीं मालूम कि साइकल को मुलायम ने पंचर कर दिया है शिवपाल ने उसकी चेन निकाल ली है अब यह साइकिल खटारा हो चुकी है और चलने वाली नहीं है।
बसपा पर कहा कि हाथी पुराना और बूढ़ा हो चुका है, उसे पीपल खिलाना पड़ेगा। देश में सबसे बेहतर सरकार देने वाली पार्टी भाजपा है। अटल जी की सरकार को आपने देखा है और ढाई साल के मोदी के काम को भी देख रहे हैं।
भाजपा के किसी मंत्री के दामन पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं है। जबकि सपा और बसपा के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के दाग लगे हैं। परिवार और लोकतंत्र लोकलाज के बिना नहीं चलता है। नेता ऐसा होना चाहिए कि भ्रष्टाचार का आरोप लगने पर त्यागपत्र दे दे।
कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो बेरोजगारों को रोजगार के लिए ऋण दिया जाएगा, बेटी पैदा होने पर बांड खरीदा जाएगा जो उसके 21 साल के होने पर दो लाख हो जाएंगे, किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और भाजपा शासित प्रदेशों की तरह ब्याज शून्य कर दिया जाएगा।