फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के गाजीपुर पहुंचें नितिन गडकरी, 5080 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

Thu, 25 Jan 2018 09:35 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजीपुर
विज्ञापन
गाजीपुर में नितिन गडकरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय संचार राज्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या ने गुरुवार को गाजीपुर के लंका मैदान में पांच हजार करोड़ से अधिक सड़क एवं जल परिवहन परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अब तक आठ लाख करोड़ की लागत से राजमार्गों का निर्माण करा चुका है।  हमारे द्वारा बनाई गई सड़कें तीन पीढियों तक सही-सलामत रहेंगी। उन्होंने कहा अगली बार जब मैं जल परिवहन टर्मिनल के उद्घाटन के लिए आऊंगा तो सी-प्लेन से आऊंगा। इसके अलावा वह दिन भी दूर नहीं जब गाजीपुर का आलू बांग्लादेश और बर्मा में जाकर बिकेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी में पहली बार केंद्र ने सेंटर रोड फंड में दस हजार करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सरकार को दिए हैं। केंद्रीय मंत्री ने 3580 करोड़ लागत वाले गाजीपुर-मऊ एनएच 29, 1500 करोड़ वाले गाजीपुर-जमानियां, सैय्यदराजा खंड के फोरलेन का चौड़ीकरण एनएच 97 का शिलान्यास किया।
विज्ञापन


इसके बाद उन्होने सैदपुर, दुल्लहपुर, मरदह मार्ग, ताड़ीघाट-बारा, सैदपुर, बहरियाबाद, चिरैयाकोट मार्ग को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा कि केंद्र सरकार से विकास के लिए यूपी को भरपूर मदद मिल रही है। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पूर्व की सरकारों में परियोजनाएं केवल रायबरेली और अमेठी तक ही सिमट जाती थी लेकिन मोदी जी ने पूरे पूर्वांचल में विकास की गंगा बहा दी है।

...और जब घबराने लगे गडकरी

केंद्रीय मंत्री ने किया 5080 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास - फोटो : अमर उजाला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि मैं कभी कच्चा काम नहीं करता। मैं कहने में नहीं, करने में विश्वास रखता हूं। रेलवे के विकास के साथ जिले में अब सड़कों का जाल बिछेगा। इसकी तैयारी पूरी कर मंच पर विकास कार्यो का चिट्ठा नितिन गडकरी को पकड़ा दिया और कहा इसे जनता के सामने आप को पढ़ना है कि आपने क्या-क्या करने का वादा किया है।

विकास का पुलिंदा देख घबराए गडकरी ने जैसे-तैसे कुछ विकास कार्यो की चर्चा और बाकी का कार्य उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जिम्मे लगा दिया। लंका मैदान में करीब सवा चार बजे मंच पर पहुंचे गडकरी ने पांच हजार करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित कर रहे मंच से यह घोषणा किया कि जनपद को औघोगिक केंद्र के रूप में विकासित किया जाएगा।

गाजीपुर इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का केंद्र होगा। सड़क और जल मार्ग के रास्ते गाजीपुर  पूरे देश से जुड़ेगा। राष्ट्रीय जल मार्ग परियोजना के पहले चरण में गाजीपुर के डुंगरपुर में बनने वाले इंटरमोडल टर्मिनल पर गंगा के रास्ते मालवाहक सहित फाइव एवं सेवन स्टार क्रूज तक आएंगे।

फिर गाजीपुर में सी प्लेन की भी सेवा शुरू होगी। अपने आधे घंटे के संक्षिप्त उद्बोधन में ग़डकरी ने कहा कि किसानों को खेती का तरीका बदल कर ज्यादा मुनाफा का काम दिया जाएगा। पुआल और गन्ने के सीरे से एथेनॉल बनेगा। वह एथेनॉल वाहनों के लिए ईंधन का काम करेगा। इतना ही नहीं ट्रेनों के इंजन में एथेनॉल का इस्तेमाल कर किराए में आधा कटौती कर सकते हैं। 
विज्ञापन

तीन घंटे तक इंतजार करते रहे लोग

नेताओं को सुनने के लिए उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
मौसम खराब होने के बाद भी नितिन गडकरी के आने का लोग इंतजार करते रहे। सर्द हवा और आसमान में बादलों का पहरा होने से अचानक ठंडी हवा चलने लगी। बावजूद लोग पूरे इत्मीनान से नेताओं को सुनने के ‌लिए बैठे रहे।

लोग किसी तरह का उत्पात न मचाए इसके लिए बीच-बीच में मनोज सिन्हा मंच संभालते रहे और लोगों को कुछ और कदेर तक धैर्य न खाने की बात कहते रहे। लोगों ने नेता की बात पर वही किया, जो वह चाहते थे।कार्यक्रम के दौरान जहूराबाद विधानसभा और मोहम्मदाबाद से आई जनता अपने विधानसभा में किसी भी प्रकार के विकास कार्य की घोषणा न होने से मायूस हो लौटी।

लोगों का मानना है कि गाजीपुर संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभाओं का नाम केंद्रीय मंत्री द्वारा लिया गया, लेकिन बलिया लोकसभा में पड़ने वाले मोहम्मदाबाद और जहूराबाद का नाम नहीं लिए।

जिससे लोगों को काफी निराशा हुई। जहूराबाद और मोहम्मदाबाद के लोगों का मानना है कि हम लोगों का भी गृह जनपद गाजीपुर ही है। केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को मोहम्मदाबाद और जहूराबाद का भी ख्याल करना चाहिए था। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें