केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि गंगा की निर्मलता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। गंगा की पवित्रता को पुर्नस्थापित करना मोदी सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में गंभीरता से काम हो रहा है लेकिन गंगा पर राजनीति बंद होनी चाहिए।
यह मुहिम सबकी मदद से ही पूरी हो सकती है। वह मंगलवार को बीएचयू में गंगा जल के शुद्धिकरण पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
चिकित्सा विज्ञान संस्थान बीएचयू , इंडियन कौंसिल आफ मेडिकल रिसर्च और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता भवन में गंगा में मौजूद कीटाणु खाने वाले विषाणु विषयक कांफ्रेंस में वक्ताओं ने गंगा की निर्मलता और शुद्धता पर विस्तृत चर्चा की।
राज्य मंत्री कुलस्ते ने कहा कि गंगा तभी निर्मल और अविरल हो सकती है जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी अंतरात्मा को शुद्ध कर अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि गंगा जल में संक्रामक रोगों को ठीक करने की क्षमता है। इसमें पाए जाने वाले विषाणु मानव के लिए हानिकारक बैक्टीरिया को मारते हैं। गंगा जल के चिकित्सकीय गुण हमारे शास्त्रों में वर्णित हैं।