बीती रात एनएच-2 पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल की सुरक्षा में रात बड़ी चूक हुई। बगैर नंबर की फोर्ड कार सवार तीन युवकों ने केंद्रीय मंत्री की फ्लीट में मिर्जापुर की चील्ह पुलिस चौकी से औराई तक बार-बार घुसने की कोशिश की।
स्कॉर्ट वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों और पीआरओ ने कार सवार तीनों को ऐसा करने से मना किया तो सभी बदसलूकी पर उतर आए। मामले को गंभीर होता देख केंद्रीय मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी तो मिर्जामुराद में पुलिस ने हाईवे पर बैरिकेडिंग कर कार रोकी और तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
तीनों भदोही निवासी बीएएमएस के छात्र बताए गए हैं। वो मिर्जापुर से से सड़क मार्ग से वाराणसी स्थित बाबतपुर एयरपोर्ट जा रहीं थी। वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया को नई दिल्ली जाने के लिए रविवार की रात बाबतपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ना था।
उनके सहयोगी रामकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि चील्ह पुलिस चौकी के समीप से कार सवार तीन युवक केंद्रीय मंत्री की फ्लीट के पीछे लग गए। कभी वो आगे जा रहे थे तो कभी बगल में कार लेकर चलने लग जा रहे थे।
स्कॉर्ट वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों और मंत्री के पीआरओ ने मना किया लेकिन तीनों मानने को तैयार नहीं थे। उल्टे, गालीगलौज और हाथ से मारने का इशारा कर रहे थे। तीनों की बदसलूकी बढ़ते देख मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर सूचना दी।