तहसील बार एसोसिएशन में मतदान आज
दी तहसील बार एसोसिएशन, राजातालाब के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को होगा। मतदान सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 तक होगा। तहसील बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में 15 प्रत्याशी अलग-अलग पदों के लिए मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 2591 अधिवक्ता मतदाता करेंगे।
चुनाव संचालन समिति के सदस्य धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मतदान के लिए नौ टेबल लगाए गए हैं। टेबल नंबर एक पर एसोसिएशन के आजीवन सदस्य मतदान करेंगे। शेष लोगों की सूची वर्णानुसार आठ टेबलों पर बराबर-बराबर की संख्या में बनाई गई है। मतदान के लिए सभी सदस्यों को सीओपी कार्ड या एआईबी प्रमाण पत्र की मूल प्रति लाना अनिवार्य किया गया है। सात दिसंबर को मतगणना की जाएगी।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में नामांकन करते अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
आज से 9 दिसंबर तक नामांकन
बनारस बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी ने वार्षिक चुनाव का कार्यक्रम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अशफाक अहमद और सदस्यों ने बैठक के बाद विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 6, 7 और 9 दिसंबर को सुबह 10 से 4 बजे तक नामांकन होगा।
10 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 11 दिसंबर को 3 बजे तक नाम वापसी के बाद उसी दिन प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 20 दिसंबर को 10 से 4 बजे तक मतदान होगा। 22 दिसंबर को मतगणना के बाद उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा। इसी के साथ बनारस बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी के गठन को लेकर चल रहे विवाद पर अब विराम लग गया।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी ने पुरानी एल्डर्स कमेटी से ही चुनाव कराने के लिए एसोसिएशन के महामंत्री को निर्देशित किया था। इसी क्रम में एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अशफाक अहमद और सदस्य क्षत्रधारी सिंह, राधेमोहन त्रिपाठी, अवधेश कुमार कुशवाहा और धर्मेंद्र नाथ ने बैठक के बाद चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया।
163 प्रत्याशी, 2051 डॉक्टर करेंगे मतदान
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा के चुनाव में आठ दिसंबर को मतदान होना है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, वित्त सचिव समेत अन्य पदों के लिए होने वाले चुनाव में 163 प्रत्याशी मैदान में हैं। इधर, बीती शाम एडीएम सिटी/चुनाव अधिकारी आलोक वर्मा आईएमए पहुंचे और मतदान की तैयारियों का जायजा लिया।
एडीएम सिटी ने बताया कि आठ दिसंबर को होने वाले मतदान में 2051 डॉक्टर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रत्याशियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया गया। मतदाताओं की सूची एक दिन पहले चस्पा करवा दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान डॉ. आरएन सिंह, डॉ. अतुल सिंह, डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी, डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
1918 रेलकर्मियों ने किया मतदान
रेलवे में ट्रेड यूनियन मान्यता चुनाव के तहत उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे बनारस में छह बूथों पर पड़े वोट में 1918 कर्मचारियों ने मतदान किया। शुक्रवार को मतदान के अंतिम दिन रनिंग कर्मचारी मतदान करेंगे।
ट्रेड यूनियन मान्यता चुनाव को लेकर उत्तर रेलवे कैंट के तीन बूथों पर 807 मतदाताओं और पूर्वोत्तर रेलवे बनारस के तीन बूथों पर 1111 मतदाताओं ने बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान किया। दूसरे दिन एनईआर के डीआरएम ऑफिस में 224 वोट, एईएन ऑफिस में 332 और डीजल लाॅबी में 555 कर्मचारियों ने मतदान किया।
उत्तर रेलवे कैंट और पूर्वोत्तर रेलवे बनारस में चुनाव में मतदान के अंतिम दिन शुक्रवार को रनिंग कर्मचारियों की ओर से मतदान किया जाएगा। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा और फिर मत पेटिका कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखवा दी जाएगी। इसकी सीसी कैमरे से निगरानी भी करवाई जाएगी। चुनाव परिणाम 12 दिसंबर को आएगा। नियमानुसार चुनाव में 35 फीसदी मत पाने वाली यूनियन को 5 साल के लिए मान्यता दी जाएगी। उधर सोशल मीडिया के माध्यम से यूनियन नेताओं की ओर से मतदान की अपील भी की जा रही है।